संभल: पुराने खंडहर मकान में छिपे बारूद में भीषण विस्फोट, पांच भैंसें झुलसीं; मकान जमींदोज

उप्र के संभल जनपद में एक जर्जर और खाली पड़े मकान में छिपाकर रखे गए बारूद में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पुराना मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

संभल: पुराने खंडहर मकान में छिपे बारूद में भीषण विस्फोट, पांच भैंसें झुलसीं; मकान जमींदोज
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में एक जर्जर और खाली पड़े मकान में छिपाकर रखे गए बारूद में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पुराना मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

घटना में कई पशु घायल हो गए, जबकि पांच भैंसें बुरी तरह झुलस गईं। पुलिस ने आरोपी आतिशबाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बीते 20 दिनों में इस गांव में धमाके की यह दूसरी घटना है।

यह भीषण हादसा रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव इशहाकपुर में हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरे गांव में कंपन महसूस हुआ और आसपास के मकानों में दरारें आ गईं।

शुरुआती जांच में वही आशंका सही साबित हुई, जिसकी चर्चा गांव में पहले से हो रही थी। बताया जा रहा है कि मकान के पास रहने वाले एक अवैध आतिशबाज ने जर्जर मकान में बारूद छिपाकर रखा था, जिसमें विस्फोट हुआ।

धमाके के समय पास की खाली जगह में करीब एक दर्जन भैंसें बंधी हुई थीं, जिनमें से पांच भैंसें गंभीर रूप से झुलस गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

संभल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनसे पहले थाना प्रभारी संदीप चौधरी और फायर ब्रिगेड की टीम गांव पहुंच चुकी थी।

दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे के नीचे फंसे पशुओं को बाहर निकाला। झुलसी हुई भैंसों का इलाज जारी है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और विस्फोट के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

एएसपी मनोज कुमार रावत ने बताया कि ब्रह्मदत्त नाम के व्यक्ति के पास पटाखों का लाइसेंस है, लेकिन जिस स्थान पर विस्फोट हुआ वहां अवैध रूप से पटाखों और बारूद का भंडारण किया गया था।

फॉरेंसिक टीम यह जांच कर रही है कि वहां कितनी मात्रा में बारूद और पटाखे रखे गए थे। साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।