शुभेंदु अधिकारी ही होंगे बंगाल के मुख्यमंत्री, ऐलान के लिए जल्द होगी मीटिंग: मीडिया रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी जल्द ही पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकती है। खबरें हैं कि शुक्रवार को इस संबंध में भाजपा बड़ी बैठक करने जा रही है।

शुभेंदु अधिकारी ही होंगे बंगाल के मुख्यमंत्री, ऐलान के लिए जल्द होगी मीटिंग: मीडिया रिपोर्ट
Published By- Diwaker Mishra

कोलकाता/जनमत न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी जल्द ही पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकती है। खबरें हैं कि शुक्रवार को इस संबंध में भाजपा बड़ी बैठक करने जा रही है।

संभावनाएं जताई जा रही हैं कि इसके बाद विधायक दल के नेता के नाम की घोषणा हो सकती है। भाजपा ने बंगाल का पर्यवेक्षक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को नियुक्त किया है। भाजपा ने बंगाल में 207 सीटें जीती हैं।

शुभेंद अधिकारी बनेंगे मुख्यमंत्री?

शुक्रवार को भाजपा के विधायकों की बैठक राजधानी कोलकाता में होने जा रही है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया है कि इस बैठक में अधिकारी को विधायक दल के नेता को तौर पर चुना जाएगा। सूत्रों के हवाले से बताया गया कि भाजपा के प्रदेश प्रमुख शमिक भट्टाचार्य अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखेंगे और शाह उनके नाम की घोषणा करेंगे।

बंगाली ही होगा सीएम

भाजपा ने 293 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर तृणमूल कांग्रेस को करारी शिकस्त दी और राज्य में उसके 15 साल के शासन का अंत कर दिया। हालांकि, पार्टी ने अभी तक औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, लेकिन गृह मंत्री शाह सहित वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान संकेत दिया था कि अगला मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल का ही निवासी होगा।

शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 2 बार हराया

साल 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से राहें अलग कर ली थीं। इतना ही नहीं, वह उनके खिलाफ नंदीग्राम से चुनाव में भी उतरे। नतीजा हुआ कि बहुत कम अंतर से मुख्यमंत्री को हार का सामना करना पड़ा था। माना जाता है कि साल 2011 में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता में लाने में नंदीग्राम की भूमिका बड़ी रही थी।

इसके बाद 2026 में भी भाजपा ने अधिकारी को बनर्जी के सामने उतारा, लेकिन मैदान बदलकर सीएम के गढ़ भवानीपुर पहुंच गया। यहां भी नतीजा वही हुआ और सोमवार शाम को अधिकारी को करीब 15 हजार मतों के अंतर से विजयी घोषित कर दिया गया था।

राउंड का खेल

सोमवार को जब काउंटिंग की शुरुआत हुई, तो अधिकारी ने टीएमसी सुप्रीमो के खिलाफ अच्छी बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन इसके बाद बनर्जी ने वापसी की और 17 हजार वोट आगे निकल गईं। हालांकि, 20 राउंड की काउंटिंग में अंत में अधिकारी को जीत मिली। टीएमसी प्रमुख ने चुनाव आयोग पर साजिश करने के आरोप लगाए हैं।

अधिकारी ने राज्य की जनता को 'भारी समर्थन' के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि नई सरकार जनसेवा और समावेशी विकास को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा, 'भाजपा एक विकसित, समृद्ध और सुरक्षित पश्चिम बंगाल के लिए प्रतिबद्ध है।

हम अपने वादों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। सभी के साथ मिलकर, हम एक स्वस्थ, सुंदर और विकसित राज्य का निर्माण करेंगे। राज्य की जनता की सेवा करना नई सरकार का प्राथमिक लक्ष्य होगा।'