मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट —
मैनपुरी / जनमत न्यूज। जनपद में लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं के बीच थाना बिछवां पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। देर रात चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, नकदी और स्नैचिंग से जुड़ा सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश बिछवां क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी आशीष दुबे के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान देर रात एक सफेद अपाचे बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर ग्राम नाका की ओर भागने लगे।
भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी रवीन्द्र पाल उर्फ राजकुमार के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं उसका साथी महेश चन्द्र मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी दबोच लिया।
घायल आरोपी को तत्काल पीएचसी सुल्तानगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एटा जनपद के थाना सकीट क्षेत्र के ग्राम अंगदपुर निवासी रवीन्द्र पाल उर्फ राजकुमार तथा ग्राम सबलपुर निवासी महेश चन्द्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक अपाचे बाइक, पीली धातु की टूटी चेन के दो टुकड़े और 17,700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, यक्ष एप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस गिरोह तक पहुंची। जांच में यह भी सामने आया कि कुरावली, सदर कोतवाली और बिछवां क्षेत्र में हाल ही में हुई स्नैचिंग की कई घटनाओं में यही गिरोह सक्रिय था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।