West Bengal New CM Oath: पीएम मोदी के साथ मंच पर पहुंचे शुभेंदु अधिकारी, शंखध्वनि के बीच शुरू हुआ शपथ समारोह
West Bengal New CM Oath Ceremony: कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत कई दिग्गज नेता समारोह में शामिल हुए।
पश्चिम बंगाल/जनमत न्यूज़:- पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज ऐतिहासिक दिन माना जा रहा है। कोलकाता के प्रसिद्ध Brigade Parade Ground में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत हो चुकी है। प्रधानमंत्री Narendra Modi के साथ बीजेपी नेता Suvendu Adhikari मंच पर पहुंचे, जहां शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
भारतीय जनता पार्टी ने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराने वाले वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना है। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया और आज वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य आयोजन
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य स्तर पर समारोह आयोजित किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद हैं। आयोजन के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पूरा पंडाल लोगों से खचाखच भरा नजर आया।
देखें लाइव विडियो
सूत्रों के अनुसार, समारोह के लिए करीब 1 हजार से अधिक वीवीआईपी निमंत्रण भेजे गए थे, जबकि लगभग 9 हजार अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
कई राज्यों के मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता मौजूद
इस शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए हैं। गृह मंत्री Amit Shah समेत कई बड़े चेहरे कार्यक्रम में पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान ही संकेत दिया था कि वह सरकार बनने पर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए फिर बंगाल आएंगे। ऐसे में उनका इस कार्यक्रम में शामिल होना राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बंगाल की राजनीति में नया अध्याय
इस शपथ ग्रहण के साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत माना जा रहा है। पहली बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने जा रही है, जिसे पार्टी समर्थक “बंगाल में नए राजनीतिक युग की शुरुआत” बता रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह बदलाव राज्य की राजनीति में बड़ा मोड़ साबित हो सकता है और आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

Janmat News 
