हरदोई में जन्माष्टमी पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, मंदिरों पर ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

उप्र के हरदोई जनपद में 4 सितंबर को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा इसको लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर ली है।

हरदोई में जन्माष्टमी पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, मंदिरों पर ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में 4 सितंबर को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा इसको लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर ली है।

सिटी सर्किल के तीनों थानों के अंतर्गत आने वाले करीब 15 बड़े मंदिरों में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर सीओ सिटी के साथ पुलिस अधिकारियों ने मंदिरों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।

16 कलाओं से परिपूर्ण पूर्णावतार भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर हरदोई में तैयारियां जोरों पर है।बाजार में पूजन सामग्री के साथ परिधान और मौकुट बांसुरी आदि की दुकान लग गयी है लेकिन बरसात ने माहौल फीका कर रखा है।

सुरक्षा को लेकर सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि सभी प्रमुख मंदिरों में सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। रात में होने वाले जन्माष्टमी कार्यक्रमों को देखते हुए विशेष ड्यूटी चार्ट तैयार किया गया है। मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस कर्मी भी तैनात रहेंगे,जबकि संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त करेंगी, ताकि महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जन्माष्टमी के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था का भी प्लान तैयार किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर रूट डायवर्ट किए जाएंगे।सीओ सिटी ने कहा कि हरदोई पुलिस जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।