प्रतापगढ़: ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, युवक की मौत; दो गंभीर, परिवार में मचा कोहराम
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर खजुरी गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर खजुरी गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक में पीछे से बाइक टकराने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा बुधवार शाम करीब सात बजे हुआ। सांगीपुर थाना क्षेत्र के उसरापट्टी गांव निवासी उदयभान कोरी (28) अपने गांव के सागर कोरी (28) और पहाड़पुर निवासी विजय सरोज (20) के साथ बाइक से मनगढ़ घूमने गया था। शाम करीब सात बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।
खजुरी गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने घायलों को तत्काल लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों ने उदयभान कोरी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में सागर और विजय को जिला अस्पताल रेफर किया गया। उदयभान परिवार का सहारा था। उसके पिता जगदीश ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। उदयभान भी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते ट्रामा सेंटर पहुंचे। पत्नी माया और बच्चों आरिया, आरती व सूर्या का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




