रायबरेली में अज्ञात अधेड़ की मौत, शिनाख्त न होने पर रहमान फाउंडेशन ने कराया सम्मानजनक अंतिम संस्कार

उप्र के रायबरेली जनपद के गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दो सड़का के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिले एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है।

रायबरेली में अज्ञात अधेड़ की मौत, शिनाख्त न होने पर रहमान फाउंडेशन ने कराया सम्मानजनक अंतिम संस्कार
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दो सड़का के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिले एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मृतक की पहचान कराने के लिए तीन दिनों तक हर स्तर पर प्रयास किए गए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।

नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रशासन ने शव को रहमान फाउंडेशन के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद रहमान फाउंडेशन ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए मुस्लिम रीति-रिवाज से शव को कफन देकर पूरे सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया।

इस अवसर पर फाउंडेशन के पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे। रहमान फाउंडेशन के अध्यक्ष आज़ाद खान ने बताया कि संस्था का उद्देश्य लावारिस मृतकों को सम्मानजनक अंतिम विदाई देना है। उन्होंने कहा कि धर्म और पहचान से ऊपर मानवता है, और इसी सोच के साथ फाउंडेशन लगातार समाजसेवा में जुटा हुआ है।

आज़ाद खान की अगुवाई में रहमान फाउंडेशन अब तक 96 लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करा चुका है। स्थानीय लोगों ने फाउंडेशन के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।