कानपुर देहात में कच्चा मकान गिरने से दो मासूमों की मौत, परिवार ने मांगी आर्थिक मदद
उप्र के कानपुर देहात जनपद में बारिश के बीच कच्चा मकान गिरने से एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में मलबे में दबकर दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि बच्चों के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर देहात जनपद में बारिश के बीच कच्चा मकान गिरने से एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में मलबे में दबकर दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि बच्चों के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। तस्वीरें कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के जरसेन गांव की हैं, जहां 2 सितंबर की रात करीब 10 बजे अचानक एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया।
मकान के मलबे में परिवार के लोग दब गए। हादसे में 7 वर्षीय मासूम पलक और उसके भाई लविस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बच्चों के पिता श्री राम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पीड़ित परिवार का कहना है कि घर में कोई कमाने वाला नहीं है। ऐसे में बच्चों की मौत और परिवार के मुखिया के घायल होने से उनके सामने इलाज और रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीएम समेत अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी भोगनीपुर को प्रार्थना पत्र देकर घायल श्री राम के इलाज के लिए आर्थिक सहायता, परिवार के लिए आर्थिक मदद और रहने के लिए आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।




