बलरामपुर में सुरक्षा को लेकर फ्लैग मार्च, त्योहारों और पंचायत चुनाव को लेकर RAF-पुलिस ने कसी कमर

बलरामपुर जनपद में आगामी त्योहारों और पंचायत चुनाव के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए RAF और पुलिस ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च और गश्त अभियान तेज कर दिया है।

बलरामपुर में सुरक्षा को लेकर फ्लैग मार्च, त्योहारों और पंचायत चुनाव को लेकर RAF-पुलिस ने कसी कमर
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद में आगामी त्योहारों और पंचायत चुनाव के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और पुलिस ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च और गश्त अभियान तेज कर दिया है।

गृह मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देश और 91 बटालियन RAF के कमांडेंट जितेंद्र कुमार ओझा के मार्गदर्शन में सी/91 RAF की टीम लगातार जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में परिचितिकरण अभियान चला रही है।

यह विशेष अभ्यास 10 फरवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगा, जिसके तहत बलरामपुर के लगभग सभी थानों में क्रमवार फ्लैग मार्च किया जाएगा। बुधवार को इसी क्रम में पचपेड़वा थाना क्षेत्र में RAF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त फ्लैग मार्च किया। सुरक्षा बलों ने मुख्य बाजार, संवेदनशील मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर स्थिति का जायजा लिया।

अभियान का नेतृत्व पचपेड़वा थाना प्रभारी ने किया, जबकि सी/91 बटालियन RAF लखनऊ के असिस्टेंट कमांडेंट निर्भय द्विवेदी और निरीक्षक ब्रजेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान आम लोगों से संवाद कर उन्हें शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह परिचितिकरण अभियान सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि वास्तविक सुरक्षा अभ्यास है, ताकि बलों को स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी रहे और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी इसी तरह के फ्लैग मार्च और रूट मार्च जारी रहेंगे, जिससे त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और लोग सुरक्षित माहौल में पर्व मना सकें।