नगर निगम की करोड़ों की भूमि बेचने के आरोप में पूर्व नगर आयुक्त व संपत्ति अधिकारी पर मुकदमा दर्ज
नगर निगम की संबंधित अधिकारियों ने भूमाफिया के साथ मिलकर न्यायालय में समझौता किया और लगभग 18 करोड़ रुपये मूल्य की नगर निगम की जमीन को निजी पक्षों को लाभ पहुंचाते हुए बेच दिया।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। नगर निगम की बेशकीमती भूमि को कथित रूप से भूमाफिया के साथ मिलकर बेचने के गंभीर आरोप में पूर्व नगर आयुक्त डॉ. नंदकिशोर और संपत्ति अधिकारी गय्यूर अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई संपत्ति प्रभारी वीर सिंह की तहरीर पर की गई है। मामला अलीगढ़ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज हुआ है।
आरोप है कि संबंधित अधिकारियों ने भूमाफिया के साथ मिलकर न्यायालय में समझौता किया और लगभग 18 करोड़ रुपये मूल्य की नगर निगम की जमीन को निजी पक्षों को लाभ पहुंचाते हुए बेच दिया। शिकायत में कहा गया है कि इस पूरे प्रकरण में पद के दुरुपयोग, अनियमितता, फर्जीवाड़ा और सार्वजनिक हित की भूमि को प्रभावित करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
तहरीर के अनुसार नगर निगम की भूमि को संरक्षित रखने के बजाय कथित रूप से निजी स्वार्थ में निर्णय लिए गए, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। मामले के प्रकाश में आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। सूत्रों के अनुसार प्रकरण में दस्तावेजों और न्यायालय में हुए समझौते की प्रक्रिया की भी गहन जांच की जाएगी। यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई संभव है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और संबंधित अभिलेखों को खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई को नगर निगम की संपत्तियों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


