कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट —
कौशाम्बी/जनमत न्यूज। जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के बाहर चाय की झोपड़ी में सो रहे एक अधेड़ व्यक्ति की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। सुबह जब परिजनों की नींद खुली और उन्होंने खून से लथपथ शव देखा तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र के कानेमई गांव की बताई जा रही है। गांव निवासी 55 वर्षीय गणेश प्रसाद लोधी रोज की तरह अपने घर के बाहर बनी चाय की झोपड़ी में चारपाई पर सो रहे थे। देर रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
सुबह जब घर के लोग बाहर पहुंचे तो गणेश प्रसाद का शव खून से सना पड़ा था। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तत्काल सैनी कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल के साथ अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि गणेश प्रसाद लोधी की हत्या उस समय की गई, जब वह चाय की दुकान में सो रहे थे। परिजनों द्वारा जिन लोगों पर संदेह जताया जा रहा है, उन्हें जल्द ही हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी और घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है। गांव में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।