धनतेरस की रात अघोरी पुजारी हत्या कांड का खुलासा, पत्नी निकली कातिल

18 अक्टूबर की रात पुजारी मोहननाथ अघोरी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। शुरू में पत्नी द्रौपदी ने गांव के दो लोगों — सुखदेव और संजय — पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन पूछताछ और साक्ष्यों ने पूरी कहानी पलट दी।

धनतेरस की रात अघोरी पुजारी हत्या कांड का खुलासा, पत्नी निकली कातिल
REPORTED BY - MAHATAB KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली/जनमत न्यूज। धनतेरस की रात सलोन कोतवाली क्षेत्र के मुर्तजानगर गांव में हुए अघोरी पुजारी मोहननाथ हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज वारदात को पुजारी की पत्नी द्रौपदी अघोरी ने ही अंजाम दिया था।

घटना कारेदेवन मंदिर आश्रम की है, जहां 18 अक्टूबर की रात पुजारी मोहननाथ अघोरी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। शुरू में पत्नी द्रौपदी ने गांव के दो लोगों — सुखदेव और संजय — पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन पूछताछ और साक्ष्यों ने पूरी कहानी पलट दी।

पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर की गई जांच में पता चला कि पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना की रात मोहननाथ नशे की हालत में आश्रम पहुंचा और पत्नी से पैसों की मांग करने लगा। विवाद बढ़ा तो गुस्से में द्रौपदी ने आश्रम में रखे बांके से हमला कर दिया, जिससे मोहननाथ की मौके पर ही मौत हो गई।

गिरफ्तारी से बचने के लिए द्रौपदी ने खुद को मामूली रूप से घायल कर झूठी कहानी गढ़ी और दूसरों पर हत्या का आरोप लगाया। लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल की जांच के आधार पर सच्चाई उजागर कर दी। बुधवार शाम पुलिस ने द्रौपदी अघोरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।