सीईआईआर की मदद से हरदोई पुलिस ने बरामद किए 125 मोबाइल, करीब 25 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए

ट्रैकिंग और समन्वय के बाद टीम ने अलग-अलग स्थानों से 125 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की मौजूदगी में मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे गए।

सीईआईआर की मदद से हरदोई पुलिस ने बरामद किए 125 मोबाइल, करीब 25 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। हरदोई पुलिस की सर्विलांस सेल ने तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से खोए हुए 125 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों के आधार पर सर्विलांस सेल ने सीईआईआर पोर्टल पर डाटा अपलोड कर तकनीकी निगरानी शुरू की। लगातार ट्रैकिंग और समन्वय के बाद टीम ने अलग-अलग स्थानों से 125 मोबाइल फोन बरामद किए।

शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उन सभी मोबाइल धारकों को आमंत्रित किया गया जिनके फोन बरामद हुए थे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की मौजूदगी में मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे गए।

अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन वापस मिल पाएगा। उन्होंने पुलिस के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सर्विलांस सेल प्रभारी अब्दुल जब्बार ने किया। एसपी अशोक कुमार मीणा ने टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और सतत प्रयासों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।