प्रतापगढ: सपा-भाजपा के वीडियो वार पर सांसद चंद्रशेखर आजाद का हमला, बोले- राजनीति में खत्म हो रही नैतिकता
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार रात उप्र के प्रतापगढ़ जनपद पहुंचे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार रात उप्र के प्रतापगढ़ जनपद पहुंचे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सपा और भाजपा के बीच चल रहे वीडियो वार और आरोप-प्रत्यारोप पर खुलकर प्रतिक्रिया दी।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पहले राजनीति में मर्यादा और नैतिकता हुआ करती थी, लेकिन अब धीरे-धीरे उसका स्तर गिरता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर ऐसे वीडियो तैयार किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य नेताओं और लोगों की छवि खराब करना है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें किसी को गांजा पिलाते या चोर बताते हुए दिखाया जा रहा है। भाजपा का आईटी सेल भी बेदाग नहीं है। जब एक तरफ से इस तरह की शुरुआत होती है तो दूसरी तरफ से भी उसका जवाब दिया जाता है।
राजनीति में सम्मान बना रहना चाहिए
चंद्रशेखर आजाद ने इस तरह की राजनीति को गलत बताते हुए कहा कि राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच सम्मान बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वीडियो और सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे को नीचा दिखाने के बजाय नेताओं को जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, महिलाएं और व्यापारी परेशान हैं, लेकिन उनके वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय राजनीतिक दल एक-दूसरे पर टिप्पणी करने और वीडियो बनाने में लगे हुए हैं।
अपराधी किसी भी पार्टी का हो, सजा मिलनी चाहिए
समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा पर पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किए जाने के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि आजाद समाज पार्टी का भी कोई सदस्य अपराध करता है तो वह उसका समर्थन नहीं करेंगे। हालांकि, उन्होंने सरकार पर जाति और धर्म देखकर न्याय करने का आरोप लगाया और कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी के साथ जाति-धर्म से ऊपर उठकर समान और न्यायपूर्ण व्यवहार होना चाहिए।




