दहेज की मांग पूरी न होने पर गर्भवती महिला को घर से निकाला, पति समेत पांच पर गंभीर आरोप

महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति विक्की, ससुर रामकुमार, सास रेखा तथा देवर गौरव और सौरभ ने अतिरिक्त दहेज के रूप में एक मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

दहेज की मांग पूरी न होने पर गर्भवती महिला को घर से निकाला, पति समेत पांच पर गंभीर आरोप
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव पलड़ा निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का विवाह 3 मार्च 2024 को शामली जनपद के थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव सिलावर निवासी विक्की पुत्र रामकुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि विवाह में करीब छह लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसमें मोटरसाइकिल के लिए नकद धनराशि, घरेलू सामान और सोने-चांदी के आभूषण शामिल थे।

महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति विक्की, ससुर रामकुमार, सास रेखा तथा देवर गौरव और सौरभ ने अतिरिक्त दहेज के रूप में एक मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

पीड़िता के अनुसार करीब एक वर्ष तीन माह पूर्व, जब वह लगभग छह माह की गर्भवती थी, तब उसे ससुराल से निकाल दिया गया। इसके बाद वह अपने ननिहाल गांव टाली, थाना तितावी क्षेत्र में आकर रहने लगी। लगभग छह माह पूर्व उसने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष ने न तो उसकी कोई सुध ली और न ही बच्चे का हालचाल पूछा।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 5 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल फोन पर धमकी दी गई कि जब तक मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की व्यवस्था नहीं की जाएगी, उसे ससुराल में नहीं रखा जाएगा और पति दूसरी शादी कर लेगा।

पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पति समेत ससुराल पक्ष के पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।