बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —
बुलंदशहर/जनमत न्यूज। जनपद बुलंदशहर में पारिवारिक विवादों को सुलझाने की दिशा में पुलिस की मध्यस्थता पहल सकारात्मक परिणाम दे रही है। पति-पत्नी के बीच बढ़ती कड़वाहट और पारिवारिक मतभेदों को दूर करने के लिए संचालित मीडियेशन सेल के माध्यम से अब तक 765 परिवारों को टूटने से बचाया गया है।
जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद से संबंधित कुल 2225 मामलों को मीडियेशन सेल में सुनवाई के लिए भेजा गया था। इन मामलों में पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद, घरेलू कलह और अन्य वैवाहिक विवाद शामिल थे। पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षित काउंसलरों की टीम ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर संवाद स्थापित कराया, जिससे कई मामलों में आपसी समझ और विश्वास बहाल हो सका।
मीडियेशन प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया तथा पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व को समझाया गया। परिणामस्वरूप 765 दंपतियों ने आपसी सहमति से अपने विवाद समाप्त कर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।
शेष मामलों में पुलिस एवं मीडियेशन टीम लगातार प्रयासरत है और पति-पत्नी के बीच सुलह-सफाई कराने की दिशा में कार्य कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उद्देश्य केवल कानूनी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि परिवारों को टूटने से बचाना और समाज में सामंजस्य बनाए रखना है।
पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में जल्दबाजी में कठोर कदम उठाने के बजाय संवाद और परामर्श का सहारा लिया जाए, जिससे रिश्तों को संभाला जा सके और बच्चों तथा परिवार पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को कम किया जा सके।