अलीगढ़ में साध्वी निरंजन ज्योति का बयान, बाबर के नाम पर मस्जिद को बताया अस्वीकार्य

यदि किसी ऐतिहासिक आक्रांता के नाम पर मस्जिद बनाकर देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जाती है, तो वह स्वीकार्य नहीं होगी।

अलीगढ़ में साध्वी निरंजन ज्योति का बयान, बाबर के नाम पर मस्जिद को बताया अस्वीकार्य
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —

अलीगढ़/जनमत न्यूज। निरंजनी अखाड़ा की महामंडलेश्वर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने अलीगढ़ दौरे के दौरान विवादित धार्मिक स्थलों को लेकर तीखा बयान दिया। वह टप्पल क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश के “लुटेरे बाबर” के नाम पर बनी या प्रस्तावित किसी भी मस्जिद को देश स्वीकार नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि मस्जिद बनाना कोई गलत बात नहीं है, लेकिन यदि किसी ऐतिहासिक आक्रांता के नाम पर मस्जिद बनाकर देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जाती है, तो वह स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि मस्जिद बनानी ही है तो देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं वैज्ञानिक ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जैसे महान व्यक्तित्व के नाम पर बनाई जाए।

साध्वी निरंजन ज्योति ने अपने वक्तव्य में कहा कि देश की एकता और सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी स्थान पर विवादित ढांचे का निर्माण किया गया तो उसका विरोध होगा। अपने बयान में उन्होंने अयोध्या प्रकरण का संदर्भ देते हुए कहा कि जैसे अयोध्या में ढांचा टूटा, वैसा ही अन्यत्र भी हो सकता है।

उनके इस बयान के बाद राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ता एवं समर्थक भी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई थी।