फर्रुखाबाद में प्राथमिक विद्यालय का छज्जा गिरा, छात्र घायल, बड़ा हादसा टला
विद्यालय परिसर में खेल रहे छात्रों के बीच अचानक स्कूल भवन का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। घटना के दौरान अधिकांश बच्चे बाल-बाल बच गए, जबकि एक छात्र छज्जे की चपेट में आकर घायल हो गया।
फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। जनपद फर्रुखाबाद के ब्लॉक मोहम्मदाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय रामनगरिया कुंडरियां में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय परिसर में खेल रहे छात्रों के बीच अचानक स्कूल भवन का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। घटना के दौरान अधिकांश बच्चे बाल-बाल बच गए, जबकि एक छात्र छज्जे की चपेट में आकर घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र अवकाश के समय विद्यालय परिसर में खेल रहे थे, तभी जर्जर छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। छज्जे के गिरते ही अफरा-तफरी मच गई और बच्चे इधर-उधर भागने लगे। एक छात्र मलबे की चपेट में आ गया, जिससे वह घायल हो गया।
घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति के संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। यदि छज्जा गिरने के समय अधिक बच्चे वहां मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। विद्यालय भवन की स्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की बात कही गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

Janmat News 
