टेंपो और मिनी ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, पांच घायल, तीन की हालत गंभीर

दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री घायल हो गए।

टेंपो और मिनी ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, पांच घायल, तीन की हालत गंभीर
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —

बुलंदशहर/जनमत न्यूज। जनपद बुलंदशहर के कोतवाली डिबाई क्षेत्र में बदायूं रोड स्थित एक सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार को टेंपो और मिनी ट्रक के बीच जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन आमने-सामने से आ रहे थे तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु रूप से संचालित कराया।