औरैया: महंत राजू दास ने हनुमान प्रतिमा का किया अनावरण, बांग्लादेश की घटना की निंदा कर हिंदू एकजुटता का आह्वान

अयोध्या गढ़ी के महंत राजू दास ने बुधवार सुबह 11:30 बजे औरैया शहर के इंडियन आयल के समीप स्थित श्री वीर विजय हनुमान मंदिर में हनुमान प्रतिमा का अनावरण किया।

औरैया: महंत राजू दास ने हनुमान प्रतिमा का किया अनावरण, बांग्लादेश की घटना की निंदा कर हिंदू एकजुटता का आह्वान
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। अयोध्या गढ़ी के महंत राजू दास ने बुधवार सुबह 11:30 बजे औरैया शहर के इंडियन आयल के समीप स्थित श्री वीर विजय हनुमान मंदिर में हनुमान प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होने का आह्वान किया।

महंत राजू दास ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए हिंदुओं का संगठित होना आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि जब तक समाज एकजुट नहीं होगा, तब तक धर्म की रक्षा संभव नहीं है।

उन्होंने बताया कि यह मंदिर अब अयोध्या गढ़ी से जुड़ गया है और इसका नाम हनुमानगढ़ी रखा गया है। महंत राजू दास ने जिला प्रशासन से इंडियन आयल तिराहे का नाम बदलकर 'हनुमान तिराहा' करने की मांग की, ताकि वीर हनुमान की स्मृति बनी रहे।

बांग्लादेश में हुई घटना पर बोलते हुए महंत राजू दास ने इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग 'जय भीम' की बात करते हैं, क्या उन्हें उस युवक की बेरहमी से पिटाई और जलाए जाने की घटना में सनातनी या हिंदू पहचान नहीं दिखी?

उन्होंने सभी सनातनियों से जाति-धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया। महंत राजू दास ने कहा कि बांग्लादेश में लोगों को जाति पूछकर नहीं, बल्कि धर्म पूछकर मारा गया है। उन्होंने हिंदुओं से एक होकर आवाज उठाने का आग्रह किया।

महंत राजू दास ने गुरुओं के शहादत दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में उन महापुरुषों को याद नहीं किया जाता, जिन्होंने धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह और गुरु तेग बहादुर के बलिदान का उदाहरण दिया। प्रतिमा अनावरण और संबोधन के बाद महंत राजू दास कलश यात्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकल गए।