हरदोई में गन्ना किसानों की फर्जी सट्टा पर्चियों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
कांग्रेस नेता आशीष कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि गन्ना विभाग के ज्येष्ठ गन्ना विकास अधिकारी, जिला गन्ना विकास अधिकारी तथा DSCL शुगर मिल हरियावां के अधिकारियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर फर्जी सट्टा तैयार किए गए।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज़। जनपद में गन्ना किसानों के हितों से जुड़ा गंभीर मामला सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। आरोप है कि DSCL शुगर मिल हरियावां और गन्ना विभाग की मिलीभगत से हजारों फर्जी सट्टा पर्चियाँ तैयार की गईं, जिससे वास्तविक किसानों का हक मारा गया और बिचौलियों को लाभ पहुंचाया गया। इस मुद्दे पर पूर्व जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी हरदोई ने पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह सोमवंशी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता आशीष कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि गन्ना विभाग के ज्येष्ठ गन्ना विकास अधिकारी, जिला गन्ना विकास अधिकारी तथा DSCL शुगर मिल हरियावां के अधिकारियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर फर्जी सट्टा तैयार किए गए। इन फर्जी सट्टों के चलते वास्तविक किसानों की उपज का उचित मूल्य मिलना बंद हो गया है, क्योंकि जिन किसानों का सट्टा नहीं बना, वे मजबूरी में अपनी गन्ना फसल फर्जी सट्टा धारकों को औने-पौने दाम पर बेच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक सुनियोजित तरीके से कई गांवों में फर्जी गाटा संख्या दर्ज कर बिचौलियों के नाम सट्टा तैयार कर दिए गए, जिससे मूल किसानों को उनके अधिकारों से वंचित कर दिया गया। उन्होंने उदाहरण के तौर पर भोगियापुर एवं बजेहरा क्षेत्रों के कई कोड नंबरों का उल्लेख किया, जहां बड़े पैमाने पर संदिग्ध सट्टा पर्चियाँ बनाई गईं। उन्होंने कहा कि यह सब चीनी मिल प्रबंधन और गन्ना विभाग की साठगांठ के बिना संभव नहीं है, क्योंकि सट्टा तैयार करने और सत्यापन की संयुक्त जिम्मेदारी इन्हीं दोनों विभागों की होती है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि DSCL हरियावां क्षेत्र के सभी सट्टों की उच्च स्तरीय जांच की जाए, फर्जी सट्टों को तत्काल निरस्त किया जाए और इस भ्रष्टाचार में शामिल मिल प्रबंधन तथा गन्ना विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार से पारदर्शी जांच और ठोस कदम उठाने की मांग की गई।

Janmat News 
