मुजफ्फरनगर: पीआरडी जवान से ड्यूटी लगाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, डीएम से की गई शिकायत

उप्र के जनपद मुजफ्फरनगर में पीआरडी जवान से ड्यूटी लगाने के नाम पर अवैध धन मांगने का गंभीर मामला सामने आया है।

मुजफ्फरनगर: पीआरडी जवान से ड्यूटी लगाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, डीएम से की गई शिकायत
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद मुजफ्फरनगर में पीआरडी जवान से ड्यूटी लगाने के नाम पर अवैध धन मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। पीआरडी जवान अंशु तोमर ने जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम्य विकास विभाग के वरिष्ठ सहायक सतीश कुमार एवं डीपीआरओ कार्यालय से संबद्ध अजय कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित के अनुसार, उसे ब्लॉक स्तर पर ड्यूटी लगाए जाने के नाम पर लगातार मानसिक रूप से परेशान किया गया और कथित रूप से 1000 रुपये की अवैध मांग की जा रही थी। आरोप है कि बिना किसी नियम के बार-बार उसकी ड्यूटी बदली गई और दबाव बनाकर धन वसूली का प्रयास किया गया।

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में भी इसी प्रकार की शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन प्रभावशाली स्तर पर मामला दबा दिया गया। पीड़ित पीआरडी जवान ने निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच का आश्वासन दिया गया है। प्रकरण सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।