भदोही में रूह कंपा देने वाली वारदात, 6 साल की मासूम से पड़ोसी किशोर ने किया कुकृत्य
उप्र के भदोही जनपद से एक ऐसी सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया है।
भदोही से आनंद तिवारी की रिपोर्ट
भदोही/जनमत न्यूज़। उप्र के भदोही जनपद से एक ऐसी सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया है। भदोही सदर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में महज 6 वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला प्रकाश में आया है।
आरोप है कि बच्ची के साथ उसी की कॉलोनी में रहने वाले एक 12 वर्षीय किशोर ने इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। वारदात के बाद मासूम की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाल अपचारी को हिरासत में लेने के साथ पुलिस मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच एवं विधिक कार्रवाई में जुट गई है। यह रूह कंपा देने वाली घटना बीते गुरुवार 16 जुलाई की शाम की है।
मिली जानकारी के अनुसार,भदोही थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित बच्ची और आरोपी किशोर पड़ोसी हैं और अक्सर साथ में खेला करते थे। गुरुवार की शाम बच्ची किशोर के मकान के छत पर खेलने गई थी। वहाँ अकेला पाकर किशोर ने मासूम के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
जब लहूलुहान हालत में बच्ची अपने घर पहुँची, तो उसकी गंभीर स्थिति देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना है कि बच्ची के गुप्तांग से लगातार हो रहे रक्तस्राव को देख परिवार के लोग भौचक्के रह गए। आनन-फानन में इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि 16 जुलाई की रात को पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। तत्काल मौके पर पुलिस पहुंची, साथ ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।
पीड़ित बच्ची को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा दिया गया है। बच्ची की हालत अभी सामान्य है। आरोपी बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लेकर पूछताछ और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


