बरेली: गिरवी रखे खेत को वापस मांगने पर दबंगों का वादी पक्ष से खूनी संघर्ष, मुकदमा दर्ज
उप्र के बरेली जिले में 3 लाख में गिरवी रखे खेत को वापस मांगने पर दबंगों द्वारा वादी पक्ष से खूनी संघर्ष किए जाने की खबर सामने आ रही है।
बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट
बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जिले में 3 लाख में गिरवी रखे खेत को वापस मांगने पर दबंगों द्वारा वादी पक्ष से खूनी संघर्ष किए जाने की खबर सामने आ रही है। मामला जनपद के थाना देवरनिया क्षेत्र के ग्राम अभयपुर महमूदपुर का है। दबंगों ने न रुपए वापस दिए और न ही खेत वापस किया। मामले को लेकर मुकदमा दर्ज हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार वादी पक्ष के आबिद खान ने अपना एक खेत विपक्षीगण आकिल खान, बाबू खान, उल्ला खान, समीर खान, फुरकान, बल्लू और नूरी ,अनम पुत्री तरन्नुम आदि को रुपए 3 लाख लेकर गिरवी रखा था।
जिसकी मियाद पूरी होने पर वादी पक्ष ने जब ₹300,000 प्रतिवादी पक्ष को अदा किया तो प्रतिवादी पक्ष ने₹300000 भी रख लिए और वादी पक्ष का खेत भी वापस नहीं किया।
जिसको लेकर विवाद ने तूल पकड़ा और दोनों तरफ से पत्थरबाजी और लाठी डंडों का खूनी संघर्ष जारी हो गया। मामले को लेकर थाना देवरनिया पुलिस ने आरोपी गणों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, पीड़ित घायल पक्षों का थाना पुलिस पर आरोप है कि अभी तक कोई भी गिरफ्तारी आरोपी गणों की नहीं की है, जिसे लेकर ग्रामीणों में भी थाना पुलिस के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है।



