फतेहपुर में पति के साथ मिलकर पत्नी ने की प्रेमी की हत्या, यूट्यूब हिस्ट्री ने खोली खौफनाक वारदात

उप्र के फतेहपुर जनपद से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां प्यार, धोखा और साजिश ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से जान ले ली।

फतेहपुर में पति के साथ मिलकर पत्नी ने की प्रेमी की हत्या, यूट्यूब हिस्ट्री ने खोली खौफनाक वारदात
Published By- Diwaker Mishra

फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट

फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां प्यार, धोखा और साजिश ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से जान ले ली। जनपद के बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी विजय निषाद की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।

वारदात का मुख्य कारण 8 साल पुराना प्रेम प्रसंग है, जो विजय का हमीरपुर की रहने वाली किरण नाम की महिला के साथ चल रहा था। इस रिश्ते की भनक जैसे ही महिला के पति को लगी, उसने इस कहानी को खौफनाक अंजाम तक पहुंचाने की साजिश रच डाली।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने अपनी पत्नी के जरिए विजय को घर बुलवाया और फिर मौका पाते ही उसके सिर पर चौखट से वार कर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद भी दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, आरोपी दंपति ने सबूत मिटाने के लिए शव को टुकड़ों में काटा, बाइक से कानपुर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर उसे जला दिया।

 पहचान छुपाने के लिए पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, जूते समेत अन्य सामान जंगल में फेंक दिया। इधर परिजनों ने बकेवर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए हमीरपुर की किरण पर हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

शुरुआत में आरोपी दंपति पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन जब पुलिस ने उनके मोबाइल फोन खंगाले तो सच्चाई सामने आने लगी। मोबाइल की यूट्यूब हिस्ट्री में हत्या के बाद बचाव, जेल और जमानत से जुड़े वीडियो सर्च मिले जिसके बाद पुलिस का शक गहरा गया और पूछताछ सख्ती से की गई।

आखिरकार आरोपी टूट गए और पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल आला कत्ल, बाइक और अन्य अहम सबूत भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मलिक ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।