मुजफ्फरनगर: छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना तितावी क्षेत्र स्थित गांव लालूखेड़ी की निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ कथित छेड़छाड़ किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की मांग की है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना तितावी क्षेत्र स्थित गांव लालूखेड़ी की निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ कथित छेड़छाड़ किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, महिला की करीब 15 वर्षीय पुत्री किसान इंटर कॉलेज अलीपुर में कक्षा 11 की छात्रा है। शिकायत में कहा गया है कि 28 मई 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे छात्रा किसी कार्य से लालूखेड़ी चौराहे पर गई थी।
वापस लौटते समय गांव सोहजनी जाटान निवासी एक युवक द्वारा उसके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि छात्रा द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने घटना के संबंध में जानकारी होने की बात कही है।
महिला का कहना है कि मामले की शिकायत 30 मई 2026 को थाना तितावी में दी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद पीड़ित पक्ष ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।


