मैनपुरी: भारतीय सर्वसमाज किसान यूनियन की महापंचायत में किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा
उप्र के मैनपुरी जनपद के बेवर कस्बे स्थित जनता इंटर कॉलेज में भारतीय सर्वसमाज किसान यूनियन द्वारा महापंचायत एवं सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट
मैनपुरी/जनमत न्यूज़। उप्र के मैनपुरी जनपद के बेवर कस्बे स्थित जनता इंटर कॉलेज में भारतीय सर्वसमाज किसान यूनियन द्वारा महापंचायत एवं सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रणवीर सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बेवर पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए डॉ. रणवीर सिंह राणा ने कहा कि संगठन किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और दुकानदार आज अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। फसल के समय किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे उन्हें भारी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
उन्होंने महंगाई, टोल टैक्स, स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों को भी आम जनता की बड़ी समस्याएं बताया। डॉ. राणा ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन उनका लाभ वास्तविक पात्रों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, किसान आयोग के गठन तथा किसानों को अपनी उपज का मूल्य तय करने का अधिकार देने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।
जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह ने उपस्थित किसानों से अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। वहीं जिला प्रभारी निशू दीक्षित ने कहा कि किसी भी किसान को समस्या होने पर संगठन को तुरंत अवगत कराया जाए, ताकि उसका समाधान कराने के लिए प्रशासन से वार्ता की जा सके।
उन्होंने खाद की बोरियों का वजन 50 किलो से घटाकर 40 किलो किए जाने के मुद्दे पर भी चिंता जताई और जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की बात कही।
जिला महामंत्री वीरपाल सिंह ने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं तथा बिजली कटौती भी गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को लेकर संगठन का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा।
कार्यक्रम में काशीराम शर्मा, निर्मल यादव, अभय प्रताप सिंह, कीर्ति सिंह, एडवोकेट संजय कुमार, महेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।


