औरैया में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार; भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
उप्र की औरैया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बिधूना, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया हैं।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र की औरैया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बिधूना, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया हैं।
पुलिस मुठभेड़ के बाद 2 शातिर बदमाशों को घायल अवस्था में पकड़ा गया, जबकि कुल 6 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं। इनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान, नकदी, अवैध असलहे और वाहन बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बेला-बिधूना रोड से डहारियापुर जाने वाले संपर्क मार्ग पर कुछ बदमाश चोरी के माल और रुपयों का बंटवारा करने के लिए जमा हुए हैं।
सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दी। पुलिस ने जब बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें मोमीन पुत्र सुलेमान निवासी कन्नौज और विकास उर्फ गौरव उर्फ मामा ठाकुर निवासी मैनपुरी के पैर में गोली लगी।
दोनों घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर चार अन्य अभियुक्त - अमन सविता, अकरम अली, इमरान खान और रोहित राठौर को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 7 लाख 15 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो चार पहिया वाहन (अर्टिगा और ईको), एक बुलेट मोटरसाइकिल और चोरी करने के उपकरण बरामद किए गए। बरामद सोने के आभूषणों का वजन लगभग 116 ग्राम और चांदी के आभूषणों का वजन लगभग 998 ग्राम है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि उन्होंने औरैया जनपद में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 8 बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें बिधूना, बेला, कुदरकोट और फफूंद क्षेत्र शामिल हैं। आरोपी घरों के ताले और खिड़कियां तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी करते थे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद विशेष टीम गठित की गई थी। आज उसी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी मोमीन पर पहले से 16 मुकदमे, विकास पर 9 मुकदमे और अमन सविता पर 7 मुकदमे दर्ज हैं। इन पर पहले गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है।


