पुलिस मुठभेड़, 15-15 हजार के दो इनामी बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 12 बोर पौनिया, 315 बोर तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा स्पलेंडर मोटरसाइकिल (UP 12 FB 8450) बरामद की है।

पुलिस मुठभेड़, 15-15 हजार के दो इनामी बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

 मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश पुलिस की सक्रियता के चलते थाना बुढ़ाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 15-15 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 12 बोर पौनिया, 315 बोर तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा स्पलेंडर मोटरसाइकिल (UP 12 FB 8450) बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 16 व 17 फरवरी को हुई जानलेवा फायरिंग की घटनाओं में वांछित चल रहे आमिर उर्फ बाटा (22) और समद उर्फ चीस (20) पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।

19 फरवरी को मंदवाड़ा चौराहे के पास पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। बाद में उन्हें ईख के खेत से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

घायल आरोपियों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश के चलते दबाव बनाने के उद्देश्य से फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।