रायबरेली: टीईटी मुद्दे पर केन्द्रीय मंत्री के बयान से आक्रोशित शिक्षकों ने फूंका पुतला, की जोरदार नारेबाजी
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शाखा-रायबरेली के पदाधिकारियों ने केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। संसद द्वारा वर्ष 1993 में पारित एनसीटीई अधिनियम के अंतर्गत देशभर में भर्ती एवं कार्यरत लगभग 20 लाख शिक्षकों की सेवाओं पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से उत्पन्न संकट तथा केंद्र सरकार की कथित उदासीनता के विरोध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शाखा-रायबरेली के पदाधिकारियों ने केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद उत्पन्न स्थिति को लेकर छह माह बीत जाने के बावजूद भारत सरकार द्वारा कोई ठोस समाधान प्रस्तुत नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा इससे देशभर के लगभग 20 लाख शिक्षक और उनके परिवार असुरक्षा की स्थिति में जीवन यापन करने को विवश हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षक समाज व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
जिला मंत्री मुकेश द्विवेदी ने संसद में केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी द्वारा दिए गए बयान को शिक्षकों की भावनाओं को आहत करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील रुख अपनाना चाहिए।
जिला संघर्ष समिति के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने कहा कि देशभर में शिक्षक लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर पुलिस के माध्यम से दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है, जो पूर्णतः अलोकतांत्रिक है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश यादव ने विभिन्न जनपदों में संगठन पदाधिकारियों को रोके जाने की घटनाओं की निंदा की।
संयुक्त मंत्री डॉ. चंद्र मणि बाजपेई ने विद्यालयों में शिक्षकों को नजरबंद किए जाने को मौलिक अधिकारों का हनन बताया।
कोषाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि शिक्षक अपनी रोजी-रोटी और परिवार की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सरकार का दमनात्मक रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है।
लेखाकार गंगा चरण भारती ने स्पष्ट किया कि शिक्षक समाज किसी भी प्रकार के दबाव में आने वाला नहीं है और अपने सम्मान, अधिकार एवं भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
प्रदर्शन में जनपदीय उपाध्यक्ष जटाशंकर बाजपेयी, बृजकिशोर, अनुराग शुक्ल, उमेश त्रिवेदी, संगठन मंत्री रामजी सरोज, आकाश त्रिपाठी सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Janmat News 
