निर्माणाधीन मकान से समरसेबिल चोरी, बेखौफ चोरों ने पुलिस की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल

कस्बे में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी अंकुश लगाने में असफल साबित हो रही है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

 निर्माणाधीन मकान से समरसेबिल चोरी, बेखौफ चोरों ने पुलिस की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —

बुलंदशहर/जनमत न्यूज। जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर कस्बे में चोरी की एक और वारदात सामने आई है। श्यामलाल डिग्री कॉलेज के सामने स्थित एक निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोर रात्रि के समय समरसेबिल पंप उखाड़कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने शिकारपुर कोतवाली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव असरौली निवासी किरणपाल सिंह का शिकारपुर कस्बे में श्यामलाल डिग्री कॉलेज के पास नया मकान निर्माणाधीन है। बीती रात अज्ञात चोरों ने मकान को निशाना बनाते हुए वहां लगी समरसेबिल को उखाड़ लिया और मौके से फरार हो गए। सुबह जब मकान मालिक को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही शिकारपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी अंकुश लगाने में असफल साबित हो रही है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।