एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —
एटा/जनमत न्यूज। जनपद एटा के मलावन थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पहले से शादीशुदा एक प्रेमी युगल ने गांव के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने जब पेड़ पर दोनों के शव एक साथ लटके देखे तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मलावन थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी सकीट कृतिका सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान रमन (20 वर्ष) पुत्र रामेंद्र तथा रोशनी पत्नी जोगेंद्र पाल, निवासी ग्राम पूरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। हालांकि दोनों ही पहले से विवाहित थे। ग्रामीणों के अनुसार सामाजिक बंधनों और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते दोनों साथ नहीं रह सके, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और किसी भी संभावित कारण की अनदेखी नहीं की जाएगी।