औरैया: वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, ग्रामीणों को दी गई वित्तीय साक्षरता की जानकारी
उप्र के औरैया जनपद के बिधूना के ग्राम रठगाँव में आज 11 फरवरी को वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के बिधूना के ग्राम रठगाँव में आज 11 फरवरी को वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता, वित्तीय समावेशन एवं विभिन्न सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में अरुण कुमार, जिला विकास प्रबंधक (DDM), नाबार्ड, राजीव सिंह, लीड जिला प्रबंधक (LDM), स्थानीय बैंकों के प्रतिनिधि एवं लगभग 70 ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों एवं ग्रामीण नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।
अपने संबोधन में अरुण कुमार (DDM, NABARD) ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बैंकिंग सेवाओं से जुड़ना प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है।
उन्होंने प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY) तथा सुकन्या समृद्धि योजना जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को नियमित बचत, बीमा कवरेज एवं डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए प्रेरित किया।
राजीव सिंह (LDM) ने अपने संबोधन में बताया कि सभी ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय समस्या के समाधान हेतु बैंक शाखाओं से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी।
स्थानीय बैंक प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न ऋण योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), स्वयं सहायता समूह बैंक लिंकिंग कार्यक्रम तथा सरकारी सब्सिडी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने योजनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता सामग्री का वितरण भी किया गया। यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Janmat News 
