बहराइच में आदमखोर भेड़िए का आतंक: आंगन से 5 वर्षीय मासूम को उठाया, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती

5 वर्षीय आदित्य अपने घर के आंगन में खेल रहा था। उसकी मां कुछ ही दूरी पर मौजूद थी। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले भेड़िए ने बच्चे पर हमला कर दिया और उसे मुंह में दबाकर भागने लगा। मां की आंखों के सामने हुई इस घटना से हड़कंप मच गया।

बहराइच में आदमखोर भेड़िए का आतंक: आंगन से 5 वर्षीय मासूम को उठाया, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —

बहराइच/जनमत न्यूज। जनपद बहराइच में आदमखोर भेड़िए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला थाना कैसरगंज क्षेत्र के लोनियनपुरवा मंझारा तौकली गांव का है, जहां घर के आंगन में खेल रहे 5 वर्षीय मासूम पर भेड़िए ने हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 वर्षीय आदित्य अपने घर के आंगन में खेल रहा था। उसकी मां कुछ ही दूरी पर मौजूद थी। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले भेड़िए ने बच्चे पर हमला कर दिया और उसे मुंह में दबाकर भागने लगा। मां की आंखों के सामने हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े।

ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और शोर के साथ हांका लगाया। भीड़ को अपनी ओर आता देख भेड़िया मासूम को छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। हालांकि तब तक भेड़िया बच्चे के चेहरे को बुरी तरह नोच चुका था। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल आदित्य का उपचार महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में बीते दिनों से भेड़िए के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद वन विभाग अब तक आदमखोर भेड़िए को पकड़ने में सफल नहीं हो सका है। ग्रामीणों में प्रशासन और वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।

गांव में भय का ऐसा माहौल है कि बच्चे घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने और प्रभावित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने की मांग की है, ताकि आदमखोर को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके और लोगों को राहत मिल सके।