फतेहपुर एआरटीओ पुष्पांजलि मित्रा गौतम निलंबित, ओवरलोडिंग व भ्रष्टाचार मामले से जुड़ी कार्रवाई
फतेहपुर जनपद में किसी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की नियमित तैनाती नहीं है। ऐसे में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रयागराज से एआरटीओ राजीव कुमार को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर / जनमत न्यूज। फतेहपुर में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) पुष्पांजलि मित्रा गौतम को शासन के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर सरकारी सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन, कर्तव्यहीनता, प्रशासनिक पारदर्शिता और विभागीय अनुशासन भंग करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। निलंबन के साथ ही उन्हें मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई ओवरलोडिंग और भ्रष्टाचार से जुड़े एक बड़े मामले से संबंधित मानी जा रही है। गौरतलब है कि 12 नवंबर को एसटीएफ ने फतेहपुर में ओवरलोडिंग और अवैध गतिविधियों के मामले में एआरटीओ, खनन अधिकारी समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी प्रकरण में एआरटीओ पुष्पांजलि मित्रा गौतम का नाम सामने आने के बाद शासन स्तर पर कार्रवाई की गई है।
निलंबन के बाद वर्तमान में फतेहपुर जनपद में किसी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की नियमित तैनाती नहीं है। ऐसे में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रयागराज से एआरटीओ राजीव कुमार को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आगामी आदेशों तक फतेहपुर का संपूर्ण परिवहन संबंधी कार्यभार एआरटीओ राजीव कुमार ही देखेंगे।
इस मामले में एक ओर जहां परिवहन विभाग के अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की गई है, वहीं एफआईआर में नामजद फतेहपुर के खनन अधिकारी पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। प्रशासनिक हलकों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं।
शासन की इस कार्रवाई को विभागीय अनुशासन और भ्रष्टाचार पर सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें आगे होने वाली जांच और अन्य अधिकारियों पर संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं।

Janmat News 
