फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद के विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी क्रेडिट कैम्प एवं वृहद ऋण वितरण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के सभी प्रमुख बैंक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उद्यमी एवं स्वरोजगार से जुड़े लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया।
शिविर के दौरान युवाओं और उद्यमियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत बैंकों के माध्यम से ऋण स्वीकृत कर चेक वितरित किए गए। क्रेडिट कैम्प में लगभग 95 करोड़ रुपये का ऋण 1500 लाभार्थियों को प्रदान किया गया। इस पहल से युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जिले में उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उपायुक्त उद्योग अजय कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत जनपद फतेहपुर में 1509 लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 1431 लाभार्थियों को ऋण वितरण भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया और विभाग की सभी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास निरंतर जारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद फतेहपुर का ऋण-जमा अनुपात लगभग 50 प्रतिशत है, जबकि पूरे उत्तर प्रदेश का औसत 63 प्रतिशत है। इस अनुपात को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जिले की आर्थिक गतिविधियों को और गति मिल सके।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के क्रेडिट कैम्प युवाओं के लिए वरदान साबित हो रहे हैं और इससे जिले में स्वरोजगार तथा लघु उद्योगों को नई दिशा मिलेगी।