यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, खड़ी बस में कंटेनर की टक्कर से छह की मौत, एक गंभीर

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, खड़ी बस में कंटेनर की टक्कर से छह की मौत, एक गंभीर
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मथुरा से सैय्यद जाहिद की रिपोर्ट —

मथुरा/जनमत न्यूज। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मथुरा जनपद के सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के समीप हुआ, जिसने एक बार फिर एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस में सवार यात्रियों ने लघुशंका के लिए चालक से बस रोकने का अनुरोध किया। बताया जा रहा है कि चालक ने निर्धारित सुरक्षित स्थान या ग्रीन जोन में बस रोकने के बजाय सीधे एक्सप्रेसवे पर ही वाहन खड़ा कर दिया। बस से उतरकर कुछ यात्री सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस में जोरदार टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंदते हुए आगे निकल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में छह लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान औरैया जनपद के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष सहित दो अन्य यात्रियों के रूप में हुई है। वहीं औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।