सांसद गीता शाक्य ने संसद में उठाया अछल्दा, फफूँद व कंचौसी में ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा

सांसद गीता शाक्य ने संसद में उठाया अछल्दा, फफूँद व कंचौसी में ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने मंगलवार को संसद में औरैया जनपद के अछल्दा, फफूँद एवं कंचौसी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान इन स्टेशनों पर कई ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया था, जो आज तक बहाल नहीं हो सका है।

सांसद ने बताया कि इन क्षेत्रों के यात्रियों को रेल सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों एवं नौकरीपेशा लोगों को लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने को मजबूर होना पड़ता है।

गीता शाक्य ने कहा कि वह इस समस्या को लेकर पूर्व में भी रेल मंत्री को ज्ञापन सौंप चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने रेल मंत्रालय से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए कोरोना काल से बंद ट्रेनों का ठहराव अछल्दा, फफूँद एवं कंचौसी स्टेशनों पर शीघ्र बहाल किया जाए।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि रेल मंत्रालय जनपदवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे आम जनता को राहत मिल सकेगी।