औरैया: फफूंद को जिला मुख्यालय रेलवे स्टेशन का दर्जा दिलाने की मांग तेज, व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा स्मरण-पत्र
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) दिबियापुर ने औरैया जनपद के फफूंद रेलवे स्टेशन को जिला मुख्य रेलवे स्टेशन का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद की है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
दिबियापुर (औरैया)/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) दिबियापुर ने औरैया जनपद के फफूंद रेलवे स्टेशन को जिला मुख्य रेलवे स्टेशन का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद की है।
इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी औरैया को संबोधित एक स्मरण-पत्र सौंपकर पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर शीघ्र कार्रवाई कराने की मांग की।
व्यापार मंडल ने बताया कि इससे पहले 9 सितंबर 2025 को भी जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देकर फफूंद रेलवे स्टेशन को जनपद औरैया के मुख्य (जिला मुख्यालय) रेलवे स्टेशन का दर्जा दिलाने तथा इस संबंध में उप्र शासन, रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड को संस्तुति भेजने का अनुरोध किया गया था लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई अथवा संस्तुति की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
ज्ञापन में कहा गया कि फफूंद रेलवे स्टेशन जनपद औरैया का सबसे महत्वपूर्ण एवं सर्वाधिक राजस्व देने वाला रेलवे स्टेशन है। प्रतिदिन हजारों यात्री इसी स्टेशन से यात्रा करते हैं।
स्टेशन जिला मुख्यालय के निकट स्थित होने के कारण प्रशासनिक, व्यावसायिक एवं जनसुविधा की दृष्टि से इसकी उपयोगिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में इसे जनपद के मुख्य रेलवे स्टेशन का दर्जा दिया जाना पूरी तरह न्यायसंगत एवं जनहित में आवश्यक है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करते हुए फफूंद रेलवे स्टेशन को जिला मुख्य रेलवे स्टेशन का दर्जा दिलाने के लिए शासन, रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड को अपनी संस्तुति तत्काल प्रेषित की जाए।
उनका कहना था कि इस मांग के पूरा होने से जनपद औरैया की लाखों जनता को सीधा लाभ मिलेगा तथा लंबे समय से चली आ रही जनभावना का सम्मान होगा।
इस अवसर पर उप्र उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) दिबियापुर के नगर अध्यक्ष अजय गुप्ता (पैराडाइज), महामंत्री प्रशांत गुप्ता (शक्ति), वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता, धीरज शुक्ला, रंजीत पोरवाल (बॉबी), श्याम सिंह, दिलीप पोरवाल, समीर विश्नोई सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर में कहा कि फफूंद रेलवे स्टेशन को जिला मुख्य रेलवे स्टेशन का दर्जा दिलाने के लिए जनहित में उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।


