पीलीभीत: अभयपुर में जलभराव की समस्या बनीं जी का जंजाल, बच्चे गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर
उप्र के पीलीभीत जनपद के बीसलपुर तहसील के गांव अभयपुर में जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन गई है। सड़क पर महीनों से भरे गंदे पानी के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो गया है।
पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट
पीलीभीत/जनमत न्यूज़। उप्र के पीलीभीत जनपद के बीसलपुर तहसील के गांव अभयपुर में जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन गई है। सड़क पर महीनों से भरे गंदे पानी के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो गया है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि मासूम स्कूली बच्चे बैग सिर पर रखकर घुटनों तक गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। बरसात में यह सड़क पूरी तरह तालाब का रूप ले लेती है। कीचड़ और गंदगी के कारण दुर्घटना और डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से की गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। न तो जल निकासी की व्यवस्था हुई और न ही सड़क की मरम्मत।
ग्रामीणों ने कहा कि सरकार ग्राम पंचायतों के विकास के लिए लाखों रुपये भेजती है, फिर भी अभयपुर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। सबसे ज्यादा नुकसान बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई का हो रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बीडीओ बीसलपुर से मांग की है कि तत्काल सड़क से पानी की निकासी कराई जाए और लापरवाह प्रधान व सचिव पर कार्रवाई की जाए।


