रामपुर: किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में बिजली विभाग का जेई गिरफ्तार, मामले की जांच जारी
उप्र के रामपुर जनपद में किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने शंकरपुर बिजलीघर में तैनात बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) को गिरफ्तार कर लिया।
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद में किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने शंकरपुर बिजलीघर में तैनात बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने किशोरी के कोर्ट में बयान भी दर्ज करा दिए हैं।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने शिकायत में आरोप लगाया था कि उसकी बेटी आठवीं की छात्रा है और रामपुर के एक सरकारी कॉलेज में पढ़ती है। वह घर के बाहर लगे नल पर कपड़े धोने गई थी लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि शंकरपुर बिजलीघर में तैनात अमरोहा के थाना डिडौली के गांव फत्तेहपुर जिवाई निवासी जेई नरेंद्र प्रताप सिंह किशोरी को अपने साथ ले गया है। इसके बाद पुलिस जेई और किशोरी की तलाश में जुट गई।
इसी बीच सूचना मिली कि किशोरी बिजलीघर के पास खड़ी है। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। बाद में किशोरी ने जेई पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराया और मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ा दीं।
पुलिस ने आरोपी जेई को भी गिरफ्तार कर लिया। वही इस मामले मे एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपी जेई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Janmat News 
