राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर गवां नगर पंचायत में स्वच्छता अभियान आयोजित
गवां नगर पंचायत, जनपद संभल में राजमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की 300वीं जयंती के पावन अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।

संभल/जनमत न्यूज। गवां नगर पंचायत, जनपद संभल में राजमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की 300वीं जयंती के पावन अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के स्वच्छ, सुशासित और जनसेवा से परिपूर्ण शासन की प्रेरणाओं को आत्मसात करते हुए नगरवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश चंद्र शर्मा ने कहा, “राजमाता अहिल्याबाई होल्कर ने जिस तरह समाज सुधार और जनकल्याण के लिए कार्य किया, वह हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। स्वच्छता उनके शासन की एक प्रमुख विशेषता थी। हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि कूड़ा-करकट सड़क पर न डालें और इसे केवल डोर-टू-डोर कलेक्शन टीम को ही सौंपें।” उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अभियान में नगर पंचायत अध्यक्ष सर्वेश दिवाकर, भगवान दास दिवाकर, घलेन्द्र कुमार पासी, बबलू, प्रेम, सत्यप्रकाश शर्मा, दीप, सोमा देवी, कमलेश देवी, सरोज देवी, गुड्डू, अर्जुन, रोहित सहित अनेक स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर नगर की सफाई की, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।
इस स्वच्छता अभियान से गवां नगर में एक नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार हुआ। स्थानीय नागरिकों ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह संकल्प लिया कि वे नगर को स्वच्छ रखने में सदैव सहयोग करेंगे।