बिहार से बड़ी खबर, होली बाद निशांत कुमार की होगी राजनीति में एंट्री; राज्यसभा जाएंगे नीतीश के बेटे!
बिहार की राजनीति से इस साल की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में आ रहे हैं।
पटना/जनमत न्यूज़। बिहार की राजनीति से इस साल की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में आ रहे हैं। सीएम नीतीश के करीबी मंत्री श्रवण कुमार ने इस बात का ऐलान आज मंगलवार को कर दिया है।
श्रवण कुमार ने कर दिया ऐलान
बिहार सरकार में मंत्री और नीतीश कुमार के सबसे करीबी मंत्री श्रवण कुमार ने साफ कहा है कि अब इससे जुड़ी सारी अटकलों पर विराम लग गया है। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में आने जा रहे हैं। इसमें अब कोई शक सुबहा नहीं है।
श्रवण कुमार ने कहा कि 'निशांत कुमार जी के बारे में लंबे अर्से से बिहार के नौजवान, प्रगतिशील लोग और JDU के सभी नेता चाहते हैं कि निशांत सक्रिय राजनीति में आएं। इस पर अब विराम लग रहा है।'
श्रवण कुमार ने आगे कहा है कि 'अब जल्द ही निशांत कुमार के नाम की घोषणा होगी। वो पार्टी के अंदर काम करेंगे। हम भी उनको शुभकामना दे कर आए हैं। पार्टी में जिसकी जरूरत थी, लंबे अर्से से मांग चल रही थी। लोगों को इंतजार था। राज्यसभा की बात मैं नहीं कर सकता।
सक्रिय राजनीति में उनकी संभावना तैयार हो गई है और जल्द ही उनकी एंट्री हो जाएगी।' मंत्री श्रवण कुमार ने जिस तरह से होली की शुभकामनाएं देते हुए ये ऐलान किया है, उससे अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है कि होली बाद ही नीतीश कुमार के बेटे निशांत JDU में अपनी जिम्मेवारी संभाल लेंगे।
राज्यसभा भी जाएंगे निशांत कुमार!
इसी बीच खबर ये भी है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी है। कहा जा रहा है कि 5 मार्च को नॉमिनेशन के पहले किसी भी वक्त इस बात का ऐलान संभव है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि JDU या NDA के किसी नेता ने नही की है।
निशांत के राजनीति में आने के लिए राज्यसभा चुनाव से मुफीद मौका और नहीं हो सकता है। ऐसे में साफ है कि राज्यसभा के जरिए ही निशांत कुमार बिहार की राजनीति में कदम रख देंगे।

Janmat News 
