बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजरायल की एयरस्ट्राइक, ईरान ने बहरीन में US एयरबेस को बनाया निशाना

अमेरिका-इजरायल ने साथ मिलकर ईरान पर हमला किया। ईरान ने भी दोनों देशों के हमलों का जवाब दिया। लेबनान में बसा उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह भी ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद इस युद्ध में कूद गया है।

बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजरायल की एयरस्ट्राइक, ईरान ने बहरीन में US एयरबेस को बनाया निशाना
Published By- Diwaker Mishra

बेरूत/जनमत न्यूज़। अमेरिका-इजरायल ने साथ मिलकर ईरान पर हमला किया। ईरान ने भी दोनों देशों के हमलों का जवाब दिया। लेबनान में बसा उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह भी ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद इस युद्ध में कूद गया है।

हिजबुल्लाह ने इजरायल में कई धमाके किए। वहीं अब इजरायल ने हिजबुल्लाह के सपोर्ट बेस बेरूत के दहियाह में हमला किया है, जिससे हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

इजरायल का ईरान-हिजबुल्लाह पर हमला

इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान में भी एयरस्ट्राइक की, जिसमें ईरान के सरकारी टीवी को निशाना बनाया गया। इजरायल की तरफ से ईरान पर लगातार हमले जारी हैं।

लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए हमलों की वजह से कई स्कूलों में क्लास रोक दी गई हैं, क्योंकि स्कूलों का इस्तेमाल बेघर हुए हजारों लोगों को पनाह देने के लिए किया जा रहा है।

ईरान ने US एयरबेस पर किया हमला

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बताया कि उसने मंगलवार सुबह बहरीन के शेख ईसा इलाके में अमेरिकी एयरबेस पर बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया है।

IRGC के मुताबिक, हमले में 20 ड्रोन और तीन मिसाइलें दागी गईं, जिससे बेस की मेन कमांड और हेडक्वार्टर बिल्डिंग तबाह हो गई और फ्यूल टैंक में आग लग गई। लेकिन बहरीन की तरफ से अभी तक इस हमले को लेकर कोई जवाब सामने नहीं आया है।

IRGC ने रियाद में अमेरिकी दूतावास पर भी हमला किया है। सऊदी अधिकारियों का कहना है कि दो ड्रोन के जरिए हमला किया गया। इस हमले मे मामूली नुकसान हुआ है। IRGC ने यह भी बताया कि ईरान और ओमान के बीच स्थित होर्मुज जलमार्ग अब बंद हो गया है।

मिडिल ईस्ट में बिगड़ रहे हालात

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने सात देशों में अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया है। वहीं ईरान के सपोर्ट में हिजबुल्लाह, इजरायल पर हमला कर रहा है।

ईरान के सपोर्ट में हिजबुल्लाह की एंट्री के बाद इजरायल ने इस संगठन के ठिकानों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। दोनों तरफ से लगातार हमले हो रहे हैं।