‘टाइम पर आते थे सलमान खान’, 'सिकंदर' के को-स्टार ने किया डिफेंड; डायरेक्टर के आरोपों का किया खंडन
2025 में सलमान खान की बहुचर्चित फिल्म सिकंदर को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। मूवी के डायरेक्शन की कमान साउथ के मशहूर फिल्ममेकर एआर मुर्गदास के हाथों में थी।
मुंबई/जनमत न्यूज़। 2025 में सलमान खान की बहुचर्चित फिल्म सिकंदर को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। मूवी के डायरेक्शन की कमान साउथ के मशहूर फिल्ममेकर एआर मुर्गदास के हाथों में थी। सिकंदर बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही। फिल्म की असफलता का ठीकरा मुर्गदास ने सलमान पर फोड़ा था।
उन्होंने ये आरोप भी लगाए थे कि सलमान खान सिकंदर के सेट पर अक्सर लेट आया करते थे। अब इसको लेकर सिकंदर में अहम किरदार निभाने वाले एक अभिनेता ने खुलकर बात की है और सलमान को डिफेंड किया है।
सलमान को इस एक्टर ने किया सपोर्ट
फिल्म सिकंदर एक मल्टी स्टारर मूवी थी, जिसमें सलमान खान और रश्मिका मंदाना के अलावा साइड रोल में सत्यराज, शरमन जोशी और प्रतीक बब्बर जैसे कई कलाकार मौजूद रहे। वेब सीरीज सेक्रेड गेम में बंटी की भूमिका निभाने वाले अभिनेता जतिन सरण ने भी सिकंदर में टैक्सी ड्राइवर का किरदार अदा किया था।
हाल ही में एक इंटरव्यू में जतिन सरण ने सलमान को डिफेंड करते हुए कहा देखिए मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहूंगा। लेकिन इतना पक्का है कि सलमान भाई सिकंदर के सेट पर टाइम पर आते थे। मैं उनको सेठ बुलाता हूं और सेठ के साथ काम करने में काफी मजा आया।
फिल्म की असफलता के लिए किसी एक शख्स को प्वाइंट आउट नहीं किया जा सकता है। सलमान भाई ने सिकंदर के लिए काफी हार्ड वर्क किया। मूवी के साथ कलाकारों और डायरेक्टर ने भी काफी मेहनत की थी। अब वह नहीं चली तो किसी को दोष देना उचित नहीं है।
सेट पर सलमान भाई ने कभी भी मुझे ऐसा महसूस नहीं होने दिया कि उनके साथ पहली बार काम कर रहा हूं। बता दें कि बिग बॉस 18 के सेट पर खुद सलमान ने सिकंदर के डायरेक्टर ए आर मुर्गदास के आरोप पर तंज कसा था।
इस मूवी में दिखेंगे सलमान
सलमान खान की आने वाली फिल्म का नाम बैटल ऑफ गलवान है और लंबे समय से वह इसको लेकर चर्चा में बने हुए हैं। 17 अप्रैल 2026 को उनकी ये वॉर ड्रामा मूवी सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

Janmat News 
