बरेली से अनूप रायजादा की रिपार्ट —
बरेली/जनमत न्यूज। बरेली में आयोजित हथकरघा बुनकर मेले का उद्घाटन सांसद Chhatrapal Gangwar ने फीता काटकर किया। मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए हथकरघा और हस्तशिल्प कारीगरों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए स्टॉल लगाए हैं। इस मेले में पारंपरिक वस्त्रों और हस्तशिल्प उत्पादों की विविधता देखने को मिल रही है, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त हथकरघा बरेली मंडल Sarvesh Kumar Shukla ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि इस मेले में 60 से अधिक हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादकों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। यहां उत्कृष्ट हथकरघा उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जा रही है।
मेले में कश्मीर और राजस्थान के पारंपरिक वस्त्रों के साथ-साथ बनारस और मऊ की प्रसिद्ध साड़ियां भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा झांसी, मेरठ, पिलखुआ, अमरोहा और मुरादाबाद के कारीगरों द्वारा तैयार की गई बेडशीट, दरी, डोरमैट, कुशन कवर, जरी के कपड़े, ड्रेस मटेरियल, कुर्ते और शर्ट जैसे उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। ये सभी वस्त्र और उत्पाद ग्राहकों को किफायती दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बरेली के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग मेले में आकर हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी देखें और खरीदारी कर कारीगरों का उत्साहवर्धन करें। साथ ही मेले में मिलने वाली विशेष छूट का भी लाभ उठाएं।
इस अवसर पर मेला प्रभारी सत्येंद्र प्रताप सिंह, दलबीर सिंह और प्रेम सिंह सहित विभाग की ओर से विनोद कुमार सिंह, दिनकर और पंकज कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।