चन्दौली: पिकनिक स्पॉट पर अचानक बढ़ा जलस्तर, तीन युवक फंसे; पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने किया रेस्क्यू
उप्र के चन्दौली जनपद में पिकनिक स्पॉट पर अचानक जलस्तर बढ़ने से बीच धार में तीन युवकों के फंसने की खबर सामने आ रही है। मामला जनपद के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के राजदरी डैम का है।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद में पिकनिक स्पॉट पर अचानक जलस्तर बढ़ने से बीच धार में तीन युवकों के फंसने की खबर सामने आ रही है। मामला जनपद के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के राजदरी डैम का है।
मिली जानकारी के अनुसार नहाने के दौरान अचानक पानी का जलस्तर बढ़ गया जिसके चलते तीनों युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए। उन्होंने बीच धार में बड़े पत्थर पर अटककर किसी तरह अपनी जान बचाई।
युवकों को फंसा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम पहुंची। डोरी के सहारे रेस्क्यू कर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
तीनों युवक वाराणसी और चन्दौली जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रतिबंधित क्षेत्र में पहले से सूचना बोर्ड लगा था। इसके बावजूद प्रतिबंधित क्षेत्र में युवक नहाने पहुंचे थे। सैलानियों की लापरवाही से अक्सर जान खतरे में पड़ती है। ऐसे मामलों में शासन-प्रशासन को रेस्क्यू ऑपरेशन करना पड़ता है।




