उप्र के बुंदेलखंड में बदलता राजनीतिक समीकरण, जालौन में तेज हुई टिकट और प्रत्याशी चयन की चर्चा

उप्र के बुंदेलखंड की राजनीति अब फिर रोचक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। क्षेत्र के सात जिलों में 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सभी सीटें जीतकर अपना वर्चस्व स्थापित किया था,

उप्र के बुंदेलखंड में बदलता राजनीतिक समीकरण, जालौन में तेज हुई टिकट और प्रत्याशी चयन की चर्चा
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट 

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के बुंदेलखंड की राजनीति अब फिर रोचक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। क्षेत्र के सात जिलों में 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सभी सीटें जीतकर अपना वर्चस्व स्थापित किया था, लेकिन 2022 में सपा ने बांदा और जालौन की एक-एक सीट जीतकर अपनी उपस्थिति दर्ज की।

2024 के लोकसभा चुनाव में बुंदेलखंड के मतदाताओं ने भाजपा को और बड़ा झटका दिया, जब चार लोकसभा सीटों में से केवल झांसी सीट ही भाजपा के खाते में रही। जालौन, बांदा-चित्रकूट और हमीरपुर-महोबा सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।

इस बदलाव के बाद अब 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सपा की सफलता ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है।

जबकि भाजपा के सामने अपने मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन और जनता की नाराजगी को दूर करने की चुनौती है। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के मान सिंह यादव ने जीत दर्ज की, जिससे बुंदेलखंड में सपा को नई ऊर्जा मिली है।

जालौन जिले में उरई, माधौगढ़ और कालपी—तीन विधानसभा सीटें हैं। 2022 के चुनाव में उरई सुरक्षित सीट से भाजपा के गौरीशंकर वर्मा और माधौगढ़ से मूलचंद्र निरंजन ने जीत हासिल की थी।

जबकि कालपी सीट सपा के विनोद चतुर्वेदी के खाते में गई थी लेकिन अब कालपी के विधायक विनोद चतुर्वेदी ने भाजपा की सदस्यता ले ली है, जिसके बाद जिले की तीनों सीटों पर भाजपा का प्रतिनिधित्व हो गया है।

कालपी में विधायक का दल बदलना भाजपा के लिए राहत की खबर माना जा रहा है। 2022 में यहां सपा प्रत्याशी ने कड़े मुकाबले में जीत हासिल की थी, लेकिन अब विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

ऐसे में आगामी चुनाव में भाजपा इस सीट को अपने पक्ष में रखने का दावा कर सकती है, हालांकि स्थानीय समीकरण और प्रत्याशी चयन इसका असली परीक्षण होगा।

जालौन की राजनीति में अब सबसे बड़ी चर्चा मौजूदा विधायकों के टिकट को लेकर है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि उरई सुरक्षित और माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों के टिकट पर मोहर लगना आसान नहीं होगा।

पार्टी ने इन क्षेत्रों में नए प्रत्याशी की तलाश तेज कर दी है। उम्मीदवारों की लंबी लाइन होने के बावजूद जनता के बीच मौजूदा जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली और पहुंच को लेकर असंतोष बताया जा रहा है।

विधायकों के समर्थक उनके कार्यों और क्षेत्र में की गई सिफारिशों की गिनती कर रहे हैं, लेकिन मतदाताओं की अपेक्षाओं को पूरा न कर पाने की बात भी राजनीतिक गलियों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

कई सर्वे और जमीनी फीडबैक में किसी भी जनप्रतिनिधि के पक्ष में खास उत्साह नहीं दिखने का दावा किया जा रहा है। यही कारण है कि भाजपा के सामने टिकट वितरण में संतुलन बनाने की बड़ी चुनौती है।

झांसी में भी टिकट कटने की चर्चा

झांसी जिले की गरौठा और झांसी सदर विधानसभा सीटों पर भी मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की संभावना चर्चा में है। गरौठा क्षेत्र में मौरंग के अवैध खनन को लेकर विधायक की संलिप्तता के आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि झांसी सदर में जमीनों पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद चर्चा का विषय रहा है। इन दोनों विधायकों पर सरकार की नीतियों और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम न करने का आरोप भी लगाया जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इन सीटों पर जनता की नाराजगी को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका दे सकती है। टिकट कटने की आशंका ने मौजूदा विधायकों के समर्थकों में बेचैनी बढ़ा दी है, जबकि टिकट के इच्छुक नए दावेदार अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।

सपा की नई रणनीति

दूसरी ओर सपा जालौन में नया समीकरण तैयार करने में लगी है। पार्टी कालपी विधानसभा से पिछड़ी जाति पाल-गड़रिया समुदाय के किसी मजबूत चेहरे को मैदान में उतार सकती है।

वहीं माधौगढ़ सीट से कुशवाहा-काछी समुदाय के किसी प्रभावशाली उम्मीदवार पर दांव लगाने की चर्चा है। उरई सुरक्षित सीट से सपा किसी युवा चेहरे को प्रत्याशी बनाने की रणनीति पर विचार कर रही है।

सपा में प्रत्याशी बनने की इच्छुक नेताओं और कार्यकर्ताओं की लाइन भाजपा की तुलना में अधिक लंबी दिख रही है। विधान परिषद चुनाव में मिली सफलता के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और नेतृत्व जातीय समीकरण, युवा चेहरों तथा स्थानीय मुद्दों को मिलाकर चुनावी तैयारी कर रहा है।

भाजपा ने हाल ही में जालौन की तीनों विधानसभा सीटों के लिए प्रभारी नियुक्त किए हैं। माधौगढ़ से जितेंद्र जैन, कालपी से चंद्रभान राय और उरई सुरक्षित सीट से अशोक गिरि को जिम्मेदारी दी गई है।

इस कदम को 2027 के चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की तैयारी माना जा रहा है। अब सवाल यह है कि भाजपा मौजूदा विधायकों पर भरोसा करेगी या नए चेहरों को मौका देगी।

दूसरी तरफ सपा जातीय समीकरण और जनाकांक्षाओं को आधार बनाकर मैदान में उतरेगी। बुंदेलखंड में 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद बदलाव की आंधी देखी जा चुकी है, इसलिए 2027 का विधानसभा चुनाव जालौन और पूरे बुंदेलखंड में बेहद रोचक और कड़े मुकाबले वाला होने की संभावना है।