सीतापुर में रफ्तार का कहर, मॉर्निंग वॉक पर निकले दो बुजुर्गों को कुचलकर अज्ञात वाहन फरार; मौत
उप्र के सीतापुर जनपद में सुबह की सैर पर निकले दो बुजुर्गों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद में सुबह की सैर पर निकले दो बुजुर्गों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्यूटी से लौट रहा एक पीआरडी जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के लहरपुर-बिसवां मार्ग पर खानपुर सादात के पास सोमवार सुबह की बताई जा रही है। अंबर सराय मोहल्ला निवासी राकेश वर्मा और रमेश चंद्र अवस्थी रोज की तरह टहलने निकले थे।
इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन ने साइकिल से लौट रहे पीआरडी जवान राम स्वरूप को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
हादसे का खौफनाक मंजर सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
सवाल यही है-आखिर कब पकड़ा जाएगा दो लोगों की जान लेने वाला फरार चालक?



