खाद संकट पर किसानों का फूटा गुस्सा, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा
उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की आवाज दबाने में जुटी हुई है। किसानों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रशासन दमनकारी रवैया अपनाए हुए है।

बहराइच/जनमत न्यूज। जनपद बहराइच में खाद की किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
जितेंद्र सिंह ने खुलकर अपनी ही सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार में किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं। हालात यह हैं कि किसानों को खाद पाने के लिए घंटों लाइनों में लगना पड़ रहा है और जब वे अपनी आवाज बुलंद करते हैं तो उन्हें पुलिस की लाठियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की आवाज दबाने में जुटी हुई है। किसानों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रशासन दमनकारी रवैया अपनाए हुए है।
इस्तीफा देते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि वे अब सभी नैतिक जिम्मेदारियों से मुक्त हो गए हैं। किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करना भाजपा की नीतियों की असलियत को उजागर करता है।
इस इस्तीफे से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। किसानों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ही सरकार से नाराज होकर इस्तीफा दे रहे हैं, तो आम किसानों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।